: उमस, तपिश से राहत जानिए फिर कब से होगी प्रदेश में झमाझम बारिश
Mon, Jul 24, 2023
उत्तर प्रदेश वालों के लिए मौसम को लेकर अच्छी खबर आई है। दिन में तेज धूप और रात की उमस लोगों को परेशान करती रही। उत्तर प्रदेश के दोनों हिस्सों में करीब-करीब बीते सप्ताह बरसात नहीं हुई। पश्चिम के मुकाबले पूर्वी यूपी में गर्मी ज्यादा हुई।बीते कुछ दिनों से थमी मानसून एक्सप्रेस 25 जुलाई से फिर आगे बढ़ने लगेगी। पुरवइया के साथ बारिश राहत देगी। सोमवार से प्रदेश में मानसून सक्रिय हो रहा है। मानसून की सक्रियता अपने साथ बारिश लेकर आएगी।आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक सोमवार को मौसम शुष्क रहेगा।अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रहेगा। हालांकि पुरवइया चल रही है, जो थोड़ी राहत देती रहेगी। इसके बाद 25 जुलाई से बारिश शुरू होगी।उधर मौसम विशेषज्ञ एचआर रंजन के मुताबिक बारिश 25 की रात से शुरू होकर 26 की सुबह तक जारी रहने के आसार हैं। 29 जुलाई तक पूरे प्रदेश में बारिश का यह क्रम चलता रहेगा।
दिन में धूप और उमस
यूपी की राजधानी लखनऊ में दिन की शुरुआत धूप और उमस से हुई। पुरवाई हवा चलने से धूप का असर कम तो हुआ लेकिन उमस लोगों को तंग करती रही। मौसम विभाग की माने तो लखनऊ में भी सोमवार की शाम तक मौसम के ठंडे होने की उम्मीद है।
: प्रदेश के पर्यटन स्थलांे की ब्राण्डिंग एवं मार्केटिंग पर जोर-जयवीर सिंह
Thu, Jul 20, 2023
पत्र सूचना शाखा
सूचना एवं जनसंपर्क विभाग उत्तर प्रदेश
वर्ष 2018 से अप्रैल,
लखनऊ: 20 जुलाई, 2023 उत्तर प्रदेश के पर्यटन विभाग की सूझबूझ एवं प्रदेश सरकार के पर्यटन नीति के कारण 2019 की वैश्विक महामारी के बाद भी प्रदेश में वर्ष 2018 से अप्रैल, 2023 तक कुल 139.37 करोड़ पर्यटक प्रदेश के धार्मिक, ऐतिहासिक तथा पौराणिक स्थलों के भ्रमण पर आये, इसमें 10607627 विदेशी पर्यटक शामिल थे। वर्ष 2019 में उ0प्र0 में आने वाले भारतीय एवं विदेशी पर्यटकों की रैकिंग भारत वर्ष के अन्य राज्यों की तुलना में क्रमशः प्रथम एवं तीसरी थी। कोरोना कालखण्ड में पर्यटकों की संख्या में कुछ कमी आई लेकिन मौजूदा समय में पर्यटकों की संख्या में लगातार बढ़ोत्तरी हो रही है।
यह जानकारी प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर ंिसह ने बुधवार को दी। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय एवं अन्तर्राष्ट्रीय परिदृश्य में उ0प्र0 के पर्यटन स्थल पर्यटकों के लिए आकर्षण का केन्द्र बने हुए हैं। जिससे उ0प्र0 का पर्यटन उद्योग विश्व के पर्यटन मानचित्र पर अपनी विशिष्ट पहचान बनाने की ओर अग्रसर है। उ0प्र0 में पर्यटन की दृष्टि से अनेकों ऐतिहासिक, धार्मिक एवं प्राकृतिक सौन्दर्य से परिपूर्ण पर्यटन स्थल हैं। जिनकी अद्भुत सुन्दरता पर्यटकों को आकर्षित करती रहती है।
श्री सिंह ने बताया कि पर्यटन उद्योग तेजी से आगे बढ़ रहा है। इसमें भारी निवेश की संभावना के अलावा रोजगार से लेकर राजस्व अर्जन की असीमित संभावनायें हैंं। इसको दृष्टिगत रखते हुए राज्य सरकार अवस्थापना सुविधाओं को लगातार बेहतर बना रही है। प्रदेश में रेल, वायु, सड़क तथा जल मार्ग की बेहतर कनेक्टिविटी मौजूद है। काशी, अयोध्या, मथुरा, प्रयागराज तथा आगरा जैसे स्थल मौजूद हैं। इन स्थलों पर पर्यटकों की गतिविधियॉ लगातार बढ़ रही हैं। जिससे स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर प्राप्त हो रहे हैं। पर्यटन विभाग उ0प्र0 की ब्राण्डिंग एवं मार्केटिंग करने में लगा हुआ है। इसके अलावा विभिन्न माध्यमों से प्रचार प्रसार भी कराया जा रहा है। इसके लिए राज्य सरकार द्वारा 07 करोड़ रूपये की धनराशि आवंटित की गयी है।
: प्रदेशवासियों के लिए अच्छी खबर महज 1 घंटे की उड़ान में करें बाबा विश्वनाथ के दर्शन
Thu, Jul 20, 2023
लखनऊ: 19 जुलाई, 2023 उत्तर प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने लखनऊ से वाराणसी तक सीधे उड़ान संचालन कराने के लिए नागर विमानन एवं इस्पात मंत्री भारत सरकार ज्योतिरादित्य सिंधिया के प्रति आभार जताया है। मा0 सिंधिया जी को सम्बोधित पत्र में पर्यटन मंत्री ने कहा है कि लखनऊ से वाराणसी तक सीधी उड़ान सेवा शुरू कराने से पर्यटकों, श्रद्धालुओं तथा यात्रियों को आवागमन में अत्यन्त सुविधा प्राप्त हुई है। उन्हांेने सिंधिया जी के सराहनीय प्रयास के प्रति आभार जताते हुए धन्यवाद दिया है।
उल्लेखनीय है कि पर्यटन मंत्री ने देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी तथा पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री भारत सरकार जी0 किशन रेड्डी को भी लखनऊ से वाराणसी तक सीधे हवाई सेवा शुरू कराने के लिए अनुरोध किया था। मा0 प्रधानमंत्री जी एवं केन्द्रीय पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जी0 किशन रेड्डी ने मा0 सिंधिया जी से लखनऊ से वाराणसी तक सीधी सेवा शुरू करने के लिए सकारात्मक निर्णय लिये जाने का अनुरोध किया था।
सीधी हवाई सेवा शुरू कराने की जानकारी देते हुए पर्यटन मंत्री श्री जयवीर सिंह ने बताया कि सांस्कृतिक एवं धार्मिक नगरी वाराणसी से लखनऊ देशी-विदेशी पर्यटकों एवं श्रद्धालुओं का वर्षभर आना जाना लगा रहता है। सीधी सेवा न होने के कारण लखनऊ आने वाले यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ता था। लखनऊ से वाराणसी के लिए सीधी वायु सेवा शुरू हो जाने से प्रदेश में विदेशी एवं घरेलू पर्यटकों के आवागमन में बढ़ोत्तरी होगी, जिससे टैक्सी, टूर आपरेटर एवं होटल आदि को कारोबार प्राप्त होगा। इसके साथ ही स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी सृजित होंगे।