: गोरखपुर के होटल में आग लगी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया।
Tue, Jan 31, 2023
गोरखपुर के होटल प्रदीप में मंगलवार को आग लग गई। आग होटल के किचन में लगी थी। आग की वजह थे होटल के कमरों में धुआं भर गया। आग से घिर जाने के डर से लोगों में अफरातफरी मच गई। होटल स्टॉफ ने जल्दी-जल्दी लोगों को होटल से बाहर निकाला। तत्काल सूचना देकर फायर ब्रिगेड को मौके पर बुलाया गया। फायर ब्रिगेड ने कुछ देर की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। आग की वजह से होटल में किसी किस्म के जान-माल के नुकसान की खबर नहीं है।
मंगलवार दोपहर अचानक गोरखपुर के विजय चौक के पास गैस गोदाम गली में स्थित होटल प्रदीप में आग लगने की खबर शहर में फैल गई। होटल के किचन में लगी आग से चारों तरफ अफरातफरी मच गई। लोग जब तक आग बुझाने के उपाय कर पाते इसके पहले कमरों में धुआं भर गया। पिछले साल सितम्बर महीने में लखनऊ के होटल लेवाना और दिसम्बर में लखनऊ के ही चारबाग के होटल रंगोली के बेसमेंट में बने बेस्ट बिरियनी रेस्टोरेंट में लगी आग की घटनाओं की याद ताजा हो गई। आग की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड भी तुरंत सक्रिय हो गया।होटल में आग की सूचना पर गैस गोदाम गली में भारी भीड़ जुट गई थी। स्टॉफ और कुछ अन्य लोगों की मदद से आनन-फानन में लोगों को होटल से बाहर निकाला गया। इसके बाद फायर ब्रिगेड ने आग बुझाने की कोशिशें शुरू कीं। तब तक कमरों में धुआं भर गया था। फायर ब्रिगेड ने थोड़ी देर की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। आग की वजह से किसी किस्म के जान-माल के नुकसान की खबर नहीं है। आग पर काबू पाए जाने के बाद फायर ब्रिगेड, जिला प्रशासन के अधिकारियों, पुलिस और वहां जुटे लोगों ने राहत की सांस ली।
: पेशाब करने के आरोपी शंकर मिश्रा को कोर्ट से बड़ी राहत
Tue, Jan 31, 2023
एयर इंडिया की एक फ्लाइट में महिला पर पेशाब करने के आरोपी शंकर मिश्रा को कोर्ट से बड़ी राहत मिल गई है। दिल्ली की एक अदालत से शंकर मिश्रा को जमानत मिल गई है।इससे पहले सोमवार को शंकर मिश्रा की जमानत याचिका पर सुनवाई हुई थी। अदालत ने इस याचिका पर सुनवाई के बाद अपना फैसला सुरक्षित रख लिया था। अब दिल्ली की पटियाला हाउस कोर्ट ने मंगलवार को इस मामले में आरोपी शंकर मिश्रा तो बड़ी राहत देते हुए जमानत दे दी है।शंकर मिश्रा पर आरोप है कि न्यूयॉर्क से दिल्ली आ रही एयर इंडिया की एक फ्लाइट में उसने एक महिला पर शराब के नशे में पेशाब किया था। इस मामले में आरोपी की जमानत याचिका का विरोध करते हुए पुलिस की तरफ से कहा गया था कि आरोपी की इस करतूत से भारत की अंतरराष्ट्रीय तौर पर बेइज्जती हुई है।
: रोडवेज बसों का सफर 24 प्रतिशत महंगा
Tue, Jan 31, 2023
रोडवेज बसों का सफर महंगा होगा। राज्य परिवहन प्राधिकरण ने सोमवार को बसों के किराये में लगभग 24 प्रतिशत की वृद्धि करने का फैसला किया है फरवरी के दूसरे सप्ताह से नई दरें लागू करने की तैयारी है। अभी रोडवेज बसों का किराया 1.05 रुपये प्रति किमी है, जिसे 25 पैसे प्रति यात्री प्रति किमी बढ़ाने का फैसला किया गया है। इस तरह नया किराया 1.30 रुपये प्रति किमी हो जाएगा।
इस तरह 100 किमी के लिए 25 रुपये अधिक देने होंगे। रोडवेज बसों के किराए में बढ़ोतरी तीन वर्ष बाद हो रही है। इसके पहले 2020 में 20 पैसे प्रति यात्री प्रति किलोमीटर की वृद्धि हुई थी। निगम अधिकारियों ने परिवहन निगम बोर्ड व उच्च स्तर से सहमति से लेकर राज्य परिवहन प्राधिकरण (एसटीए) को किराया बढ़ोतरी का प्रस्ताव भेजा। सोमवार की बैठक में विस्तार से चर्चा हुई। निगम की ओर से कहा कि उसकी आर्थिक हालत खस्ता है।बस बेड़े का सुदृढ़ीकरण व नियमित कार्य नहीं हो पा रहे हैं। कोरोना काल में बेड़े में नई बसें न शामिल होने और लंबे समय तक संचालन न होने से निगम की हालत बिगड़ी है। बसों की संचालन लागत बढ़ रही है। इस पर एसटीए ने निगम के प्रस्ताव 25 पैसे प्रति यात्री प्रति किमी किराया बढ़ाने पर मुहर लगा दी। निगम के जनसंपर्क अधिकारी अजीत सिंह ने बताया कि किराया बढ़ोतरी का आदेश जल्द जारी होगा।आटो रिक्शा थ्री व्हीलर संघ ने शहरों में किराया बढ़ाने का प्रस्ताव सौंपा था। उस पर भी एसटीए ने मुहर लगा दी है। किराया कितना बढ़ेगा अभी तक स्पष्ट नहीं है, प्रमुख सचिव ने बताया कि प्रस्ताव को स्वीकृत किया गया है। विभाग जल्द अधिसूचना जारी करेगापरिवहन विभाग के प्रमुख सचिव एल वेंकटेश्वर लू ने कहा कि राज्य परिवहन प्राधिकरण की बैठक में परिवहन निगम के प्रस्ताव पर सहमति दी गई है। इसी तरह शहर में आटो रिक्शा का किराया बढ़ाने पर भी मुहर लगी है।पिछले 10 वर्षों में हर साल किराया बढ़ता रहा है, कई वर्षों में किराये में बढ़ोतरी दो-दो बार हुई है लेकिन, इधर तीन साल से किराया न बढ़ने से निगम का घाटा दिसंबर 2022 तक 210 करोड़ हो चुका है।